उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पुत्र अभिमन्यु यादव की शादी बुधवार को सांवराखेड़ी में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन में संपन्न हुई। अभिमन्यु की बारात 21 अन्य दूल्हों के साथ एक साथ दुल्हन के द्वार पहुंची। वरमाला की रस्म बाबा रामदेव ने मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई।
कार्यक्रम में बाबा रामदेव, बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मंत्री तुलसी सिलावट और अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रविन्द्र पुरी सहित कई संत-महंत और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अखाड़ा परिषद ने सभी 22 जोड़ों को सवा लाख रुपये और पतंजलि पीठ की ओर से बाबा रामदेव ने एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
दूल्हे अभिमन्यु यादव ने कहा, “सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी कर रहे हैं, इसकी डबल खुशी है। इतना भव्य आयोजन हो रहा है, बहुत अच्छा लग रहा है। बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि आगे का वैवाहिक जीवन सुखमय रहे।” कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।




