अडाणी सहित तीन समूहों से 60 हजार करोड़ के करार, मध्य प्रदेश को 2030 तक मिलेगी 4 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली

Advertisement
मध्य प्रदेश में ऊर्जा उत्पादन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने टोरेंट पावर, अडाणी पावर और हिंदुस्तान थर्मल समूह के साथ करीब 60 हजार करोड़ रुपए के बिजली उत्पादन अनुबंध किए हैं। इन करारों के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश को 4 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलने लगेगी।
इन सभी नई बिजली परियोजनाओं की स्थापना अनूपपुर जिले में की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक विशेष गढ़पाले और संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच पावर सप्लाई एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर टोरेंट पावर की ओर से जिगिश मेहता, अडाणी पावर से एसबी खिलया और हिंदुस्तान थर्मल प्रोजेक्ट्स से रतुल पुरी मौजूद रहे।
सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं से न केवल बिजली उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि लगभग 8 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी मिलेगा। इससे अनूपपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिजली उत्पादन के लिए जमीन, जल, पर्यावरण, कोयला और रेलवे जैसी सुविधाओं का बेहतर समन्वय जरूरी होता है। उन्होंने बताया कि इन सभी मानकों पर मध्य प्रदेश एक उपयुक्त राज्य है, इसलिए आने वाले समय में ऊर्जा क्षेत्र में प्रदेश की भूमिका और मजबूत होगी।
