कम उम्र में बड़ी उपलब्धि: सूफी गायन की 15 वर्षीय कलाकार अंशिका राजोतिया को एसपी ने किया सम्मानित

Advertisement
छतरपुर,शिवम सोनी । सूफी गायन की 15 वर्षीय प्रतिभाशाली कलाकार अंशिका राजोतिया को उनकी उत्कृष्ट कला प्रस्तुति के लिए पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा सम्मानित किया गया। सोमवार को छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी अगम जैन ने अंशिका को पुष्पगुच्छ और पुस्तक भेंट कर सम्मान प्रदान किया।
यह सम्मान शहर के ऑडिटोरियम में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज एवं जिला प्रशासन छतरपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संस्कृति विरासत कला उत्सव के छठवें दिन दी गई शानदार प्रस्तुति के लिए दिया गया। कार्यक्रम में अंशिका ने अपनी गायन यात्रा की शुरुआत प्रसिद्ध भजनों से की, जिसके बाद उन्होंने सूफी अंदाज में “यह जो हल्का-हल्का सुरूर है” और “काली-काली जुल्फों के फंदे ना डालो” जैसी लोकप्रिय ग़ज़लों की मनमोहक प्रस्तुति दी।
धार्मिक गायन में “राम को देख जनक नंदिनी” की भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा सभागार भक्ति व संगीत के रंग में डूब गया। दर्शकों ने अंशिका की प्रस्तुति को खूब सराहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कहा कि इतनी कम उम्र में सूफी और शास्त्रीय भावों को आत्मसात करना गर्व की बात है। अंशिका की प्रतिभा अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम के दौरान अंशिका के परिजन भी उपस्थित रहे।
