Wednesday, February 4, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशभोपालमढ़ी महिदपुर में मुख्यमंत्री का सरप्राइज विजिट, ग्राम सभा में अचानक पहुंचे मुख्यमंत्री

मढ़ी महिदपुर में मुख्यमंत्री का सरप्राइज विजिट, ग्राम सभा में अचानक पहुंचे मुख्यमंत्री

Post Media
News Logo
Peptech Time
27 जनवरी 2026, 01:11 pm IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

भोपाल। मध्य प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों में उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अशोकनगर जिले के सुदूर ग्राम मढ़ी महिदपुर पहुंच गए। मुख्यमंत्री का काफिला सीधे ग्राम सभा में चल रही जनसुनवाई के बीच पहुंचा, जिसे देखकर वहां मौजूद कलेक्टर, एसपी और अन्य जिला अधिकारी भी हैरान रह गए। मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिक मंच के, सहज भाव से सरपंच, पंचों और ग्रामीणों के बीच बैठकर गांव के विकास और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी।


ग्राम सभा में शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने, राशन, आवास या अन्य सुविधाओं में समस्या होने जैसे सवाल ग्रामीणों से किए। वहीं ग्रामीणों ने जब अपनी स्थानीय समस्याएं उनके सामने रखीं, तो डॉ. मोहन यादव ने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को तलब किया और उन्हें समस्याओं के त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा केवल फाइलों पर आदेश जारी करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि अंतिम छोर के व्यक्ति को उसका हक मिले।


मढ़ी महिदपुर की इस सफल जनसुनवाई के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ा नीतिगत निर्णय लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि वे अब नियमित रूप से पूरे प्रदेश में इसी तरह के औचक दौरे करेंगे। मुख्यमंत्री का मानना है कि सीधे आम लोगों तक पहुंचने से न केवल समस्याओं का तेजी से समाधान होगा, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु भी मजबूत होगा। बहरहाल मुख्यमंत्री के इस कदम को ग्रामीण मध्य प्रदेश के लिए एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि वे अब केवल दफ्तरों से काम न चलाएं, बल्कि धरातल पर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्वयं निगरानी करें। डॉ. यादव ने कहा कि इस तरह के दौरों का उद्देश्य शासन-प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही तय करना है, ताकि विकास का लाभ वास्तविक हितग्राही तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)