बुंदेलखंड गौशाला में अनियमितताओं की जांच, पांच सदस्यीय जांच दल गठित

Advertisement
नौगांव, कमल यादव। कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देश पर नौगांव स्थित बुंदेलखंड गौशाला में सामने आई अनियमितताओं और हाल के दिनों में गौ माता सहित पशु-पक्षियों की हुई मौतों की जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है।
शनिवार दोपहर करीब 1 बजे जांच दल बुंदेलखंड गौशाला पहुंचा। जांच दल में नौगांव एसडीएम गोपाल शरण पटेल, जनपद सीईओ प्रभात घनगोरिया, जिला उपसंचालक पशु चिकित्सा विभाग, जिला कौशल अधिकारी विनोद खरे सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
जांच टीम ने गौशाला के सभी बिंदुओं पर गहन निरीक्षण किया। इस दौरान गौशाला अध्यक्ष संजू पाठक, कोषाध्यक्ष एवं कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए। साथ ही पिछले लगभग छह वर्षों के रिकॉर्ड को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले बुंदेलखंड गौशाला में भूख, अव्यवस्थाओं और लापरवाही के कारण बड़ी संख्या में गौ माताओं की मृत्यु होने की शिकायतें सामने आई थीं। लंबे समय से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर द्वारा तत्काल जांच दल भेजा गया।
जांच के बाद तैयार की जा रही विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र ही जिला कलेक्टर को सौंपी जाएगी। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।
