कलश यात्रा के साथ सप्तम कन्या विवाह महोत्सव शुरू

Advertisement
छतरपुर(रोहित पाठक)। संतों की तपोभूमि बागेश्वर धाम में जिसका हमें पूरे साल इंतजार रहता है वह समय धीरे-धीरे आता जा रहा है। महाशिवरात्रि पर्व पर देश ही नहीं देश से बाहर की बेटियों को भी विवाह बंधन में बांधने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम कलश यात्रा के साथ कन्या विवाह महा महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हो गई। एक सप्ताह तक श्रीमद् भागवत महापुराण का रसपान करने का अवसर मिल रहा है। कार्यक्रमों के क्रम में आगामी 12 फरवरी का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। इस दिन सुबह से लेकर देर रात तक धार्मिक आयोजनों की झड़ी लग जाएगी। एक साथ सवा लाख श्री हनुमान चालीसा पाठ महायज्ञ करने का बागेश्वर धाम में रिकॉर्ड बनने जा रहा है। इस रिकॉर्ड में देश के 6 राज्यों के 200 सुंदरकांड मंडलों के सदस्य भागीदार होंगे।
बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से सात दिनों तक श्रीमद् भागवत महापुराण की पावन कथा श्रवण करने का अवसर भी यहां आने वाले धर्म प्रेमियों को मिलने वाला है। शुक्रवार को कलश यात्रा के साथ कथा की शुरुआत हुई। धाम के सदस्य नीलेश गर्ग ने बताया कि बागेश्वर बालाजी मंदिर प्रांगण से कलश यात्रा शुरू हुई जो गांव के सभी देवी देवताओं के मंदिरों से होती हुई कथा स्थल पहुंची। महिलाएं सिर पर कलश रखकर उत्साह के साथ भगवत भजन करती हुई चल रही थी। ढोल, नगाड़े, डीजे की धुन पर उत्साही भक्त नृत्य भी करते रहे।
देश के 6 राज्यों के 200 जिलों से बागेश्वर धाम आएंगे सुंदरकांड मंडल
बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल केंद्रीय समिति के सदस्य सुंदरलाल रैकवार ने बताया कि 12 फरवरी को सुबह 7 बजे से हनुमान चालीसा पाठ की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से होगी। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 9000 पंजीयन हो चुके हैं। 6 राज्यों के 200 जिलों में सुंदरकांड मंडलों का गठन हुआ है। सभी मंडलों से सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ में शामिल होने की सहमति भी प्राप्त हो चुकी है। एक अन्य सदस्य ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि 11 हजार सदस्यों का पंजीयन होने पर प्रत्येक सदस्य को 10 पाठ करने होंगे। यदि संख्या बढ़ती है तो उसी आधार पर हनुमान चालीसा पाठ का योग होगा। उन्होंने बताया कि महिला एवं पुरुष सदस्यों को अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं केंद्रीय समिति के धीरज शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मऊ से एक टीम धाम आ चुकी है। बागेश्वर महाराज के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में मऊ की टीम सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ में विशेष सहयोग करेगी। उन्होंने बताया कि इस पूरे आयोजन में चार से पांच घंटे का वक्त लगेगा। आयोजन को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। बनारस से आए विद्वान ब्राह्मणों के मार्गदर्शन में हवन पूजन होगा।
