अविमुक्तेश्वरानंद को चेतावनी: माघ मेले से हमेशा के लिए बैन की तैयारी

Advertisement
प्रयागराज। माघ मेला प्रशासन और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बीच टकराव लगातार गहराता जा रहा है। प्रशासन ने 48 घंटे के भीतर दूसरा नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उन्हें माघ मेले से हमेशा के लिए प्रतिबंधित किया जा सकता है।
नोटिस में मौनी अमावस्या के दिन बैरिकेड तोड़ने और बिना अनुमति भीड़ में पालकी ले जाने के आरोप लगाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि इस घटना से भगदड़ का खतरा पैदा हुआ और मेला व्यवस्था बाधित हुई। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कुछ अधिकारियों ने जानबूझकर अव्यवस्था फैलाई और बाद में आरोप उन पर मढ़ दिए। उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में सच्चाई साफ दिखाई दे रही है।
इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए कहा “किसी को परंपरा बाधित करने का अधिकार नहीं है। कुछ कालनेमि धर्म की आड़ में सनातन धर्म को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं। हमें ऐसे लोगों से सतर्क रहना होगा।” प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 24 घंटे के भीतर संतोषजनक जवाब न मिलने पर शिविर को दी गई जमीन और सुविधाएं वापस ले ली जाएंगी।
