महाशिवरात्रि के बाद अमावस्या पर मतंगेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

Advertisement
खजुराहो,तुलसीदास सोनी। महाशिवरात्रि के बाद अमावस्या के पावन अवसर पर प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो स्थित ऐतिहासिक मतंगेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब 4 बजे से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक लगातार जारी रहा। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया।
अमावस्या के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर के समीप स्थित शिवसागर तालाब में पवित्र स्नान कर भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और दान-पुण्य अर्पित किया। परंपरा के अनुसार महिलाएं और पुरुष लमटेरा गाते हुए मंदिर पहुंचे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दर्शन के लिए न केवल स्थानीय, बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खजुराहो पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। घाटों और मंदिर परिसर में एसडीओपी मनमोहन बघेल एवं थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सेन के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। वहीं नगर परिषद द्वारा एक दिन पूर्व ही शिवसागर तालाब के घाटों की साफ-सफाई कराई गई, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान और पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान सीएमओ बसंत चतुर्वेदी और नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी ने व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए सक्रिय भूमिका निभाई। अमावस्या पर्व पर मतंगेश्वर बाबा के दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर खजुराहो को आस्था और भक्ति के केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया। पूरा माहौल श्रद्धा, विश्वास और पुण्य की अनुभूति से ओतप्रोत रहा।
