Sunday, February 15, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशछतरपुरथाने में युवक की मौत के मामले में राजनगर थाना प्रभारी पर भी गिरी गाज, एसपी ने किया निलंबित

थाने में युवक की मौत के मामले में राजनगर थाना प्रभारी पर भी गिरी गाज, एसपी ने किया निलंबित

Post Media
News Logo
Peptech Time
15 फ़रवरी 2026, 04:28 pm IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

खजुराहो। राजनगर पुलिस थाने में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने रविवार को थाने तथा जिला अस्पताल के समक्ष भारी प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाने के सामने सड़क जाम कर नारेबाजी की तथा आरोपी आरक्षकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। मृतक के परिजनों ने शव प्राप्त करने से इनकार कर दिया तथा न्याय की मांग को लेकर अडिग रुख अपनाया। इस मामले में एसपी ने दो आरक्षकों के साथ-सा​थ राजनगर थाना प्रभारी को निलंबित किया है।

मृतक की पहचान 24 वर्षीय राजेश पटेल, निवासी इमलिया गांव के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार युवक को धारा 151 के अंतर्गत हिरासत में लेकर थाने लाया गया था, जहां उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परंतु परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए इसे मारपीट से हुई मौत बताया है।


परिजनों के आरोप एवं घटनाक्रम

मृतक के चाचा बाबूलाल पटेल ने बताया कि सिविल ड्रेस में आए आरक्षक संजय सिंह तथा शिवकुमार ने राजेश को मोटरसाइकिल से थाने ले जाया। परिजन थाने पहुंचे तो युवक को मारपीट करते देखा। उन्होंने दावा किया कि आरक्षकों ने एक लाख रुपये की मांग की, जिसमें 50 हजार पर बात बनी। पैसे लेकर पहुंचने पर भी पुलिस ने राशि लेने से इनकार कर दिया तथा बाद में सूचना मिली कि राजेश की मौत हो गई। बाबूलाल पटेल के अनुसार युवक का शरीर चोटों से काला पड़ गया था तथा पोस्टमार्टम के समय भी चोटें स्पष्ट दिखाई दीं।


पोस्टमार्टम एवं प्रदर्शन

दोपहर करीब दो बजे परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए। छतरपुर से डॉ. मनोज चौधरी, नौगांव से बीएमओ डॉ. रविंद्र पटेल, डॉ. अरविंद गुप्ता, डॉ. अजीत जादौन तथा डॉ. महबूब सलमान के पैनल ने व्यवहार न्यायाधीश तथा मृतक के परिजनों चाचा बाबूलाल पटेल एवं रिश्तेदार रज्जन पटेल की उपस्थिति में पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के पश्चात भी परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया तथा आरोपी आरक्षकों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने हेतु सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाई, तथापि भारी संख्या में लोग जमा हो गए।


प्रशासनिक कार्रवाई

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविंदर सिंह ने घटना की ज्यूडिशियल जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान दो जजों की उपस्थिति में घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई गई। वहीं पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने राजनगर थाना प्रभारी दीपक शर्मा के अलावा थाने के दो आरक्षकों संजय कुमावत एवं शिवकुमार पाल को निलंबित कर दिया है।


विधायक की प्रतिक्रिया

राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कार्यवाही की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। इस घटना ने क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था एवं हिरासत में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)