लापता मुस्लिम युवतियों ने हिंदू युवकों से की शादी, अब इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर मांगी सुरक्षा

Advertisement
छतरपुर/नौगांव, (कमल यादव)। शहर के मुस्लिम समुदाय की दो युवतियों के लापता होने का मामला अब एक बेहद संवेदनशील और हाई-वोल्टेज ड्रामे में तब्दील हो गया है। पांच दिनों से लापता इन युवतियों ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है।
इंस्टाग्राम पर 'हेमंत जोशी' नामक आईडी से पोस्ट किए गए इस वीडियो में दोनों युवतियों ने सनसनीखेज खुलासा किया है कि वे बालिग हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से हेमंत जोशी और प्रशांत जोशी नामक युवकों के साथ विवाह कर लिया है। वीडियो में युवतियों ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि वे किसी के दबाव में नहीं हैं और पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन उन्हें अपने ही परिवार से जान का खतरा है। उन्होंने छतरपुर एसपी और नौगांव थाना प्रभारी से खुद के और अपने पतियों के लिए पुलिस सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पिता को लगा गहरा सदमा, हालत नाजुक
इस वीडियो के वायरल होते ही युवतियों के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अपनी बेटियों को गैर-मजहब के युवकों के साथ शादी करते देख पिता इकबाल राइन को गहरा मानसिक आघात लगा और उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल नौगांव के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक मानसिक तनाव के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और वे विशेषज्ञों की निगरानी में हैं। अस्पताल के गलियारों में परिजनों और परिचितों का तांता लगा हुआ है, जहाँ माहौल बेहद गमगीन और तनावपूर्ण बना हुआ है।

बैंक जाने के बहाने निकली थीं घर से
गौरतलब है कि ये दोनों युवतियां बीते 9 तारीख को बैंक से पैसे निकालने के बहाने घर से निकली थीं और फिर वापस नहीं लौटीं। इस मामले को लेकर शुक्रवार को ही मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने नौगांव थाने का घेराव कर पुलिस पर पक्षपात और देरी का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान एक युवक के साथ मारपीट की घटना को लेकर भी काफी हंगामा हुआ था। अब वीडियो सामने आने के बाद परिजन उसकी सत्यता और परिस्थितियों पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि बेटियों को सामने लाकर मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाने चाहिए, तभी सच्चाई सामने आएगी।
पुलिस की जांच और सुरक्षा की अपील
थाना प्रभारी बाल्मिक चौबे का कहना है कि पुलिस वायरल वीडियो की बारीकी से जांच कर रही है और युवतियों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि यदि युवतियां बालिग हैं और स्वेच्छा से विवाह की पुष्टि करती हैं, तो वैधानिक प्रक्रिया के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शहर के नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ जानकारी साझा न करने की पुरजोर अपील की है। फिलहाल, इस घटना ने पूरे नौगांव में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है और प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।
