तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग, कांग्रेस का सरकार पर तीखा हमला

Advertisement
बैतूल। बैतूल में कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की है। पार्टी का कहना है कि प्रदेश में शासन व्यवस्था पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है। एक ओर दूषित पानी और कथित रूप से दूषित कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले सामने आए हैं, वहीं दूसरी ओर एक मंत्री द्वारा सेना अधिकारियों और देश की बेटियों पर की गई टिप्पणी को लेकर भी सरकार घिरी हुई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने शनिवार को प्रेस वार्ता में कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतें तथा बैतूल और छिंदवाड़ा में कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत ने स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही को उजागर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार मंत्री और अधिकारी अब तक कार्रवाई से बचे हुए हैं, जो सरकार की संवेदनहीनता दर्शाता है।
डागा ने मंत्री विजय शाह के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सेना अधिकारियों को लेकर की गई टिप्पणी अमर्यादित है और इससे देश की गरिमा को ठेस पहुंची है। कांग्रेस ने उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की है।
पार्टी ने कैलाश विजयवर्गीय, विजय शाह और राजेंद्र शुक्ल को मंत्रिपद से हटाने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।
कांग्रेस ने प्रदेश में भ्रष्टाचार, प्रशासनिक ढिलाई और अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों की मौत, किसानों की परेशानियां और महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार मौन है। पार्टी ने 24 फरवरी को भोपाल में विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया है और चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कांग्रेस की प्रमुख मांगों में कफ सिरप प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार मंत्री व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई, सेना पर टिप्पणी करने वाले मंत्री को बर्खास्त करना तथा स्वास्थ्य एवं जनसुरक्षा से जुड़ी नीतियों में स्पष्ट जवाबदेही तय करना शामिल है।
