छत्तीसगढ़/रायगढ़,रोहित तिर्की। धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारुमा रेंज में वन विभाग ने अवैध खैर लकड़ी परिवहन के संदेह में बड़ी कार्रवाई करते हुए खैर लकड़ी से लदा एक ट्रक जब्त किया है। कार्रवाई 7 अक्टूबर की तड़के करीब 4 बजे बाकारुमा-लैलूंगा मार्ग पर धातुनपारा के पास की गई। जब्त ट्रक का क्रमांक UP 67 AT 1395 बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, जंगली हाथियों की निगरानी के दौरान वन विभाग की टीम को ट्रक में खैर लकड़ी परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर रेंजर विष्णुप्रसाद मरावी के नेतृत्व में करीब छह सदस्यों की टीम ने संभावित मार्ग पर घेराबंदी की। धातुनपारा के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी संख्या में खैर की लकड़ियां मिलीं। वन विभाग ने ट्रक और लकड़ी को जब्त कर रेंज कार्यालय पहुंचाया। वहीं कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वन विभाग अब जब्त लकड़ी की मात्रा, उसके स्रोत, परिवहन संबंधी दस्तावेज और वाहन स्वामित्व की जांच कर रहा है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














