छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के महाराजपुर नगरीय निकाय में प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मध्य प्रदेश शासन, भोपाल द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक/स्था./शा-1/30017 के तहत महादेव अवस्थी को महाराजपुर का नया मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) पदस्थ किया गया है। आदेश जारी होने के तुरंत बाद नए अधिकारी की पदस्थापना की प्रक्रिया पूरी की गई।
महाराजपुर पहुंचकर ली जिम्मेदारी
आदेश जारी होने के उपरांत महादेव अवस्थी ने महाराजपुर पहुंचकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी के रूप में विधिवत अपना कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने कार्यालयीन कामकाज का जायजा लिया और निकाय की प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के निर्देश दिए।
नगर के विकास और समस्याओं के समाधान पर रहेगा जोर
पदभार संभालने के बाद नए सीएमओ महादेव अवस्थी ने नगर परिषद के कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और जारी विकास परियोजनाओं को गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही आम नागरिकों की शिकायतों का समय पर निराकरण करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।













