लखनऊ: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार को गोवा में उनके आवास पर निधन हो गया। अस्सी के दशक की फिल्म अंकुश से अपनी अलग पहचान बनाने वाले नाना पाटेकर ने लखनऊ में कई विज्ञापनों, फिल्मों, वेब सीरीज और प्रमोशन फिल्मों में काम किया था। उनकी अंतिम यादें भी इसी शहर से जुड़ी हुई हैं।

नाना पाटेकर हाल ही में एक विज्ञापन शूट के लिए लखनऊ आए थे। इससे पहले 2023 में प्रकाश झा की वेब सीरीज संकल्प की शूटिंग के दौरान उन्होंने यहां कई लोगों के साथ समय बिताया था। उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच साझा करते हुए उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था, “हम कलाकार पर्दे पर पुलिस की भूमिका निभाते हैं, लेकिन असली पुलिसकर्मी के पास कोई रीटेक नहीं होता।”

सीएम योगी के साथ मंच साझा करने का पल

14 अगस्त को लखनऊ के लोक भवन में “खाकी का सितारा” थीम सॉन्ग की लॉन्चिंग पर नाना पाटेकर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। उत्तर प्रदेश पुलिस ने उन्हें मुख्य अतिथि बनाकर बुलाया था। इस मौके पर उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ मंच साझा किया और यूपी की कानून-व्यवस्था की सराहना की। डीजीपी राजीव कृष्णा ने उनसे फिल्मों में पुलिस की छवि बदलने का अनुरोध किया, तो नाना मुस्कुरा दिए थे।

यूपी फिल्म पॉलिसी को बताया बेमिसाल

फिल्म बंधु के पूर्व निदेशक दिनेश सहगल ने बताया कि संकल्प की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर के साथ कई मुलाकातें हुईं। इस दौरान उन्होंने फिल्म बंधु, सरकार और उत्तर प्रदेश की फिल्म नीति पर लंबी बातचीत की। नाना कहते थे कि यूपी जैसी फिल्म पॉलिसी कहीं नहीं देखी। यहां फिल्म मेकर्स और प्रोड्यूसर्स को जिस तरह का सहयोग मिलता है, वह काफी खास है। वे इस बात की भी सराहना करते थे कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुंबई जाकर फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों से मिले और उन्हें यूपी में फिल्में बनाने के लिए आमंत्रित किया।

यूपी पुलिस के विज्ञापन में भी किया काम

सहगल ने बताया कि नाना पाटेकर ने यूपी पुलिस की जनता को जागरूक करने वाले विज्ञापन में भी काम किया। इसके लिए वे हाल ही में लखनऊ आए थे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी की थी। नाना की सबसे बड़ी खासियत उनकी बेबाकी और स्पष्ट सोच थी। वे अभिनय को सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और कला मानते थे। उनकी फिल्मों में आम आदमी, समाज और मानवीय संवेदनाओं की गहरी झलक मिलती थी।

लखनऊ की कलाकार सिमरन अवस्थी का भावुक श्रद्धांजलि

वेब सीरीज संकल्प में नाना पाटेकर के साथ काम कर चुकी लखनऊ की सिमरन अवस्थी ने नम आंखों से श्रद्धांजलि देते हुए बताया कि शूटिंग के दौरान करीब 18-20 दिन तक उनके साथ काम करने का मौका मिला। शुरुआती दो-तीन दिनों में डर-डर कर काम किया, लेकिन धीरे-धीरे नाना का व्यवहार सामने आया। उसके बाद उनके प्रति पूरी धारणा बदल गई। नाना अपने साथ काम करने वाले कलाकारों का हाल-चाल पूछा करते थे।