छतरपुर, संदीप यादव। जिले के सरवई थाना क्षेत्र अंतर्गत केन नदी में नहाने गए दो नाबालिगों की डूबने से दुखद मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। अगली सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दोनों किशोरों के शव नदी से बरामद कर लिए गए।


मामले की जानकारी देते हुए छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि सरवई क्षेत्र में चार लोग केन नदी में नहाने गए थे, तभी सरवई निवासी दो युवक तेजश पिता शिवविशाल गुप्ता उम्र 17 साल, अंश अवस्थी पिता राजेंद्र अवस्थी उम्र 16 साल गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के दौरान एक किशोर का शव मछली पकडऩे वाले जाल में फंसा मिला, जबकि दूसरे का शव एसडीईआरएफ की टीम ने नदी से बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में नहाने के दौरान पैर फिसलने और असंतुलित होने से हादसा होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।