छतरपुर, संदीप यादव। शहर के सर्किट हाउस के पीछे स्थित शिव कॉलोनी, पठापुर रोड निवासी 16 वर्षीय कृष्णा खरे पुत्र स्वर्गीय धर्मेंद्र खरे बीते 28 मई से लापता हैं। परिजनों के अनुसार कृष्णा गुरूवार दोपहर करीब 3 बजे घर से खेलने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।


परिजनों ने पहले मोहल्ले, रिश्तेदारी और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर रात करीब 11 बजे कोतवाली थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि कृष्णा धार्मिक प्रवृत्ति का है और संत प्रेमानंद जी महाराज का भक्त है। वह नियमित रूप से पूजा-पाठ और जाप करता था। इसी कारण परिवार को आशंका है कि वह वृंदावन चला गया हो सकता है।


परिजनों के अनुसार गुरुवार 29 मई को दोपहर 12:35 बजे मोबाइल नंबर 7417081722 से फोन आया। परिवार की कृष्णा से बात भी हुई। इस दौरान उसने खाते में पैसे डालने की बात कही, लेकिन जब परिजनों ने उससे उसकी लोकेशन पूछी तो उसने फोन काट दिया। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है।


परिजनों का आरोप है कि थाने में उन्हें स्वयं वृंदावन जाकर तलाश करने की सलाह दी गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और किशोर की तलाश की जा रही है।


परिवार ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को कृष्णा खरे के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस अथवा उसके परिजनों को सूचित करें।