कोझिकोड। तिरुवंबाडी की विदरसा विनोद कोचलुमकल ने शनिवार को महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में तिलोत्तमा सेन और आशी चौकसे के साथ मिलकर देश को सिल्वर मेडल दिलाया। इस उपलब्धि पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने विदरसा के घर जाकर उनके परिवार को बधाई दी।
मलप्पुरम से वायनाड जाते समय प्रियंका गांधी शनिवार शाम को विदरसा के घर पहुंचीं, जहां विदरसा के पिता पिता केडी विनोद और मां अनीता ने कांग्रेस सासंद का स्वागत किया। इस दौरान कृषि मंत्री टी. सिद्दीक भी मौजूद थे।
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में चीन ने 1773 प्वाइंट्स के साथ टीम गोल्ड मेडल जीता। भारतीय जोड़ी ने कुल 1763 प्वाइंट्स हासिल करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि कजाकिस्तान 1754 प्वाइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
भारतीय तिकड़ी पूरे क्वालिफिकेशन के दौरान मेडल की दौड़ में बनी रही। घुटने के बल (नीलिंग), पेट के बल (प्रोन) और खड़े होकर (स्टैंडिंग) शूटिंग करने की पोजीशन में उनके अंकों ने मिलकर एक मजबूत टीम स्कोर बनाया।
तिलोत्तमा नीलिंग और प्रोन शूटिंग के दौर के बाद वह टॉप-3 में पहुंच गईं। आखिरकार, उन्होंने 590 प्वाइंट्स के साथ व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल करते हुए 8 शूटर्स वाले फाइनल में जगह बनाई।
विदरसा ने नीलिंग शूटिंग के दौरान रैंकिंग में पिछड़ने के बाद, प्रोन और स्टैंडिंग शूटिंग में मजबूत वापसी करते हुए 588 प्वाइंट्स के साथ छठा स्थान हासिल किया। हालांकि, आशी 585 प्वाइंट्स के साथ 15वें स्थान पर रहीं, लेकिन टीम स्टैंडिंग में भारत के सिल्वर मेडल जीतने में उनका योगदान अहम रहा।
चीन की हान जियायु ने 594 प्वाइंट्स के साथ व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में टॉप किया, जबकि तिलोत्तमा 590 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। विदर्शा का 588 का स्कोर छठे स्थान के लिए काफी था।
टीम का सिल्वर मेडल पहले ही पक्का हो चुका था, जिसके बाद सभी की निगाहें व्यक्तिगत 50 मीटर राइफल 3पी इवेंट पर थीं, जहां तिलोत्तमा और विदरसा एक बार फिर रेंज में उतरीं, लेकिन इस बार दोनों शूटर्स पदक हासिल नहीं कर सकीं।











