निवाड़ी। निवाड़ी जिले में स्थित पांखी के ऐतिहासिक कंचन घाट पर पितृ पक्ष (महालय श्राद्ध) की शुरुआत के साथ ही धार्मिक अनुष्ठानों और तर्पण का दौर शुरू हो गया है। शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बेतवा/कंचन घाट की पवित्र धारा के तट पर एकत्रित हुए और अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति तथा परिवार की सुख-समृद्धि व आरोग्य की कामना के साथ तर्पण किया।
पंडित विष्णु दत्त दुबे के आतिथ्य में 70 श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक तर्पण
घाट पर धार्मिक विधि-विधान के साथ अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। विद्वान पंडित विष्णु दत्त दुबे की देखरेख में पहले दिन लगभग 60 से 70 श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तिल, कुश और जल से अपने पितरों का तर्पण किया। सनातन मान्यताओं के अनुसार, पितृ पक्ष में श्रद्धापूर्वक अर्पित जल एवं पिंडदान से पितर तृप्त होते हैं और अपने वंशजों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
यह भी पढिए: https://www.peptechtime.com/posts/3-teenagers-drowned-in-kwari-river-during-immersion-sdrf-rescue-operation-continues
इस वर्ष 15 दिनों का रहेगा पितृ पक्ष; प्रतिदिन सुबह 6 से 11 बजे तक विशेष व्यवस्था
ज्योतिषीय गणना और तिथियों के सामंजस्य के कारण इस वर्ष दो तिथियों का संयोग एक ही दिन बनने से पितृ पक्ष की कुल अवधि 15 दिनों की रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कंचन घाट पर प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 11 बजे तक तर्पण और धार्मिक कर्मकांड की व्यवस्था की गई है। कंचन घाट पर एक समय में एक साथ 23 लोगों द्वारा सुगमता से तर्पण संपन्न करने का सुव्यवस्थित इंतजाम किया गया है।
यह भी पढिए: https://www.peptechtime.com/posts/rain-increased-the-pressure-of-johila-dam-drainage-of-water-started-from
पहले ही दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पितृ पक्ष के प्रथम दिन शनिवार को तड़के 6 बजे से ही कंचन घाट पर श्रद्धालुओं का पहुंचना प्रारंभ हो गया था। पहले दिन तर्पण करने वाले प्रमुख नागरिकों में जुगराज राय, राजेश पटेरिया, अमित खरे, कुन्नू खरे, चुन्नू चौबे, राम अवतार तिवारी और अनुराग चतुर्वेदी शामिल रहे। घाट पर सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्तर पर भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।











