सतना, सजल कुमार रजक। शहर की सड़कों की बदहाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। पेपटेक टाइम न्यूज़ चैनल के ‘पब्लिक मंच’ में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के व्यापारियों ने सड़कों की खराब स्थिति को लेकर अपनी परेशानी सामने रखी।


व्यापारियों का कहना है कि सड़कों के रेस्टोरेशन के नाम पर काम तो किया जाता है, लेकिन कुछ ही समय बाद सड़कें फिर उखड़ने लगती हैं। जगह-जगह बने गड्ढों और खराब सड़क के कारण राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।


जानकारी के अनुसार, नगर निगम द्वारा पिछले दो वर्षों में शहर की सड़कों के रेस्टोरेशन के नाम पर करीब 31.32 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में सड़कें बदहाल नजर आ रही हैं। ऐसे में सड़क निर्माण और रेस्टोरेशन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।


व्यापारियों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सड़कों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो सड़कें बार-बार खराब क्यों हो रही हैं? क्या रेस्टोरेशन कार्य की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाती है और काम में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी या जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई होती है?


‘पब्लिक मंच’ के माध्यम से व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि शहर की सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और बार-बार खराब होने वाले हिस्सों का स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही रेस्टोरेशन कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए, ताकि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कें दोबारा गड्ढों में तब्दील न हों।