फ्रांस/इटली। विश्व शांति, प्रेम, क्षमा एवं भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति के महान प्रवक्ता पूजनीय पंडित श्री देव प्रभाकर शास्त्री (दद्दा जी) का अवतरण दिवस इस वर्ष यूरोप के नौ देशों में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन श्री मतंगेश्वर सेवा समिति, खजुराहो एवं दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के प्रमुख पंडित सुधीर शर्मा के संयोजन में फ्रांस के एरियाज प्रांत के मीरपुआ स्थित भक्ति योगा सेंटर सहित इटली, एस्टोनिया, स्पेन, अंडोरा, बेल्जियम, चेक गणराज्य, लातविया तथा अन्य यूरोपीय देशों में संपन्न हुआ।
दद्दा विश्व के ऐसे विरले गृहस्थ संत थे जिन्होंने 135 यज्ञों का आयोजन कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। उन्होंने अपने संपूर्ण जीवन में विश्व शांति, प्रेम, क्षमा, मानवीय मूल्यों तथा आध्यात्मिक चेतना के प्रसार को समर्पित किया। उनका गहरा आध्यात्मिक संबंध आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज तथा आचार्य श्री भगवान रजनीश (ओशो) से रहा।
दद्दा जी की आध्यात्मिक विरासत को डॉ. अनिल शास्त्री निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। उनके विचारों के प्रचार-प्रसार में अभिनेता आशुतोष राणा एवं राज्यपाल यादव सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। भारत में दद्दा जी के शिष्य मंडल का संयोजन श्री संजय सत्येंद्र पाठक द्वारा किया जा रहा है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी अपने आध्यात्मिक जीवन के प्रारंभिक चरण में दद्दा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया था।
यह भी पढि़ए: बमीठा-खजुराहो एनएच:जलभराव में फंसी विदेशी पर्यटकों से भरी मिनी बस, ग्रामीणों ने बचाई जान
दद्दा जी का ब्रज मंडल धाम एवं बुंदेलखंड की आध्यात्मिक धरोहर श्री मतंगेश्वर महादेव के प्रति विशेष अनुराग रहा। उन्होंने अपने जीवन की शुरुआत एक प्राध्यापक के रूप में की, किंतु बाद में स्वयं को पूर्णतः अध्यात्म, भारतीय संस्कृति के संवर्धन तथा मानव सेवा के लिए समर्पित कर दिया।
अपने संबोधन में पंडित शर्मा ने बताया कि वर्ष 2007 में घनश्याम बाग में दद्दा जी ने उन्हें एवं इंजीनियर सुरेंद्र गुप्ता को दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर की स्थापना कर भारत एवं विदेशों में भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सामाजिक सेवा के विस्तार का दायित्व सौंपा था। उन्होंने कहा कि संस्था आज भी उसी संकल्प और समर्पण के साथ देश-विदेश में भारतीय संस्कृति एवं सनातन जीवन मूल्यों के प्रचार-प्रसार में निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में यूरोप के विभिन्न देशों से आए दद्दा प्रेमियों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, ओशो परिवार, आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के शिष्य मंडल, अर्हम ध्यान योग परिवार तथा विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने दद्दा जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समारोह का समापन विश्व शांति, मानव कल्याण, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रसार की सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ।











