पन्ना, जीतेन्द्र रजक। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पवई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 हजार 665 लीटर अवैध देशी मदिरा प्लेन शराब एवं एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 मई 2026 को थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार को मुखबिर से सूचना मिली कि गुनौर-सलेहा मार्ग से एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली पिकअप वाहन तेज गति से पवई की ओर आ रही है, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब होने की संभावना है।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदना सिंह एवं एसडीओपी पवई श्रीमती भावना दांगी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर चालक वाहन को ग्राम नारायणपुर की ओर मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक ने चिमनी भट्टा के पास खेतों में वाहन रोक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 185 पेटियों में भरी कुल 1 हजार 665 लीटर अवैध देशी मदिरा प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 8 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। वहीं जब्त पिकअप वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कुल 18 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक कमलेश शर्मा, विनोद कुमार अहिरवार, सुरेंद्र प्रजापति तथा आरक्षक राकेश डुडवे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।




