टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के प्रसिद्ध श्री जी मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस की जांच अब अंतिम मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। पुलिस द्वारा लगातार की जा रही घेराबंदी और सक्रिय मुखबिर तंत्र की मदद से मंदिर से चोरी हुई पेटी को जंगल क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है।
जंगल में 45 मिनट तक खुद सुराग तलाशते रहे SDOP राहुल कटरे
घटना के बाद से ही मामले की कमान संभाल रहे एसडीओपी (SDOP) राहुल कटरे को जैसे ही जंगल क्षेत्र में पेटी होने की सूचना मिली, वे तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी राहुल कटरे ने खुद करीब 45 मिनट तक जंगल क्षेत्र में मौजूद रहकर संभावित साक्ष्यों और सुरागों की सघन तलाश की। सूचना के लगभग 30 मिनट बाद कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद संयुक्त रूप से आगे की कार्रवाई की गई।
फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पेटी मिलने की सूचना एसडीओपी द्वारा तत्काल पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर अग्रवाल को दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने वैज्ञानिक तरीके से पेटी और आसपास के इलाके से उंगलियों के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य सुरक्षित किए हैं। जंगल से चोरी की पेटी बरामद होने और साक्ष्य जुटाए जाने के बाद अब मंदिर चोरी कांड के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीदें बढ़ गई हैं।




