भोपाल, जीतेन्द्र यादव। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल और इंदौर के मास्टर प्लान को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन मंत्री और मुख्य सचिव से तीन महीने के भीतर दोनों शहरों का मास्टर प्लान जारी करने की मांग की। पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में मास्टर प्लान नहीं लाया गया तो कांग्रेस इंदौर से भोपाल तक पदयात्रा निकालेगी।
पटवारी ने कहा कि भोपाल में पीसी शर्मा ने मास्टर प्लान की मांग को लेकर 36 घंटे का उपवास किया। इससे पहले भोपाल के व्यापारियों ने भी आंदोलन किया था और विधायक आरिफ मसूद ने भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया। कांग्रेस पार्टी लगातार समय-समय पर भोपाल के मास्टर प्लान की मांग उठाती रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार मास्टर प्लान जारी नहीं करती और व्यापारियों को परेशान करती है तो यह उन लोगों के साथ अन्याय है, जिन्होंने सरकार को वोट दिया है। पटवारी ने कहा कि प्रस्तावित पदयात्रा केवल मास्टर प्लान की मांग तक सीमित नहीं होगी, बल्कि प्रदेश में चल रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ भी आवाज उठाएगी।
उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान समय पर लागू होने से व्यापारियों और इंदौरवासियों को राहत मिलेगी। सरकार को शहरों के विकास के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर भी विचार करना चाहिए।
राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए कांग्रेस से 10 लाख जमा करवाए
राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए सरकार द्वारा 10 लाख रुपये जमा कराए जाने के मुद्दे पर पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी देश के पहले ऐसे नेता प्रतिपक्ष हैं, जो गैर-राजनीतिक कार्यक्रमों में भी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में विवाद नहीं चाहते।
पटवारी ने कहा कि इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी कार्यक्रमों में शामिल होने आते थे और उस समय कांग्रेस सरकार कार्यक्रमों की अनुमति देती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस से 10 लाख रुपये जमा करवाए हैं, इसके लिए वे सरकार को "साधुवाद" देते हैं।













