भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों की कड़ी में भोपाल में भी कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से रैली की शक्ल में निकले कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता अरेरा हिल्स स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय का घेराव करने की मंशा लेकर आगे बढ़े। हालांकि पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कहासुनी तथा धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्के वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद माहौल शांत हो सका।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राहुल गांधी द्वारा SIR और मतदाता सूची को लेकर उठाए गए सवाल तथा खुलासे बेहद गंभीर हैं और इन्हें हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। पार्टी का कहना है कि इन आरोपों की जवाबदेही लेते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और SIR प्रक्रिया पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
भोपाल में हुए इस प्रदर्शन ने एक बार फिर चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर उठ रहे सवालों को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।











