मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के दलौदा में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरपंच दुर्गा कैथवास और सरपंच प्रतिनिधि अनिल कैथवास को 3500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों पर पंचायत की NOC जारी करने के बदले आवेदक विक्रम सिंह से 4 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार विक्रम सिंह को लोन लेने के लिए ग्राम पंचायत से NOC की आवश्यकता थी। NOC जारी करने के एवज में रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर उन्होंने EOW में शिकायत की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद EOW उज्जैन की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
निर्धारित योजना के तहत जैसे ही सरपंच और सरपंच प्रतिनिधि ने विक्रम सिंह से 3500 रुपये की रिश्वत ली, EOW की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद टीम द्वारा रिश्वत की रकम जब्त कर दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच EOW टीम द्वारा की जा रही है।











