छतरपुर, संदीप यादव। भगवा थाना क्षेत्र के मड़ीखेड़ा स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर में कक्षा-1 में पढ़ने वाले पांच वर्षीय छात्र के साथ मारपीट कर पैर तोड़ने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल संचालक एवं शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, 23 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे स्कूल संचालक एवं वाहन चालक रविंद्र शुक्ला निवासी भगवा बच्चे को स्कूल लेकर गए थे। बच्चे की मां तुलसा लोधी का आरोप है कि बैग नहीं लाने की बात को लेकर शिक्षक ने मासूम के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और उसके पैर पर पैर रख दिया। घटना में बच्चे की जांघ के पास पैर में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया।
परिजनों ने बच्चे का निजी अस्पताल में उपचार कराया, जहां उसके पैर में रॉड डाली गई। परिजनों का कहना है कि करीब 10:30 बजे बच्चे को घर छोड़ते समय स्कूल पक्ष ने इलाज का खर्च उठाने की बात कही थी, लेकिन बाद में इलाज का खर्च देने से कथित तौर पर इनकार कर दिया गया।
27 सितंबर को परिजनों ने मामले की शिकायत भगवा थाना पुलिस से की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर बच्चे को एक्स-रे एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है। वहीं, परिजनों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई और बच्चे के इलाज का पूरा खर्च दिलाने की मांग की है।











