उज्जैन, अशोक दायमा। धार्मिक नगरी उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत ऐतिहासिक शाही मस्जिद का एक हिस्सा हटाए जाने को लेकर सोमवार सुबह भारी उपद्रव और हिंसक टकराव की स्थिति निर्मित हो गई। कार्रवाई के विरोध में उतरी उग्र भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक अमले पर जमकर पथराव किया, जिसमें एक महिला थाना प्रभारी (टीआई) घायल हो गईं। हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को कई राउंड आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए कमिश्नर, आईजी, डीआईजी, कलेक्टर और एसपी सहित भारी पुलिस बल ने मौके पर मोर्चा संभाला और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया।

हंगामे, पथराव और सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री प्रसारित कर माहौल खराब करने के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। इनमें बाहर से आए 5 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि भड़काऊ पोस्ट डालने वाले 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की तलाश जारी है।


यह भी पढि़ए: देशभर में आज से होने वाली 3 दिवसीय बैंक हड़ताल टली:IBA और बैंक यूनियनों की देर रात बैठक में बनी सहमति


चक्काजाम, दोबारा पथराव और दागे गए आंसू गैस के गोले

सोमवार सुबह सड़क चौड़ीकरण के तहत चौराहे पर स्थित शाही मस्जिद के बाहर निकले 9 फीट लंबे और 4 फीट चौड़े हिस्से को हटाने की तैयारी शुरू हुई थी। कार्रवाई की भनक लगते ही मुस्लिम समुदाय की महिलाओं ने नाका नंबर 5 पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। अधिकारियों द्वारा समझाइश के बीच अचानक गलियों से आए युवकों ने पुलिस बल पर पत्थरों की बारिश शुरू कर दी। पथराव में एक महिला थाना प्रभारी चोटिल हो गईं। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज की चेतावनी दी और आंसू गैस के कई गोले दागे। कुछ देर शांत रहने के बाद उपद्रवियों ने दोबारा पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल मंगाकर उपद्रवियों को गलियों में खदेड़ा और मस्जिद की ओर जाने वाले तमाम संपर्क मार्गों को सील कर दिया।


हाईकोर्ट में सुनवाई के बीच मुस्लिम समाज ने खुद शुरू की तोड़फोड़

इधर मामले को लेकर इंदौर हाईकोर्ट बेंच में सोमवार को ही अहम सुनवाई होनी है। प्रशासन और प्रबुद्ध नागरिकों के बीच हुई चर्चा के बाद मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने स्वयं आगे आकर मस्जिद के 9x4 फीट हिस्से को खुद ही हटाने का फैसला लिया। मस्जिद के तोड़े जाने वाले हिस्से को चारों तरफ से ग्रीन नेट से ढंक दिया गया है और समाज के लोगों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से हथौड़ों से निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। किसी भी बाहरी तत्व के प्रवेश को रोकने के लिए मस्जिद परिसर के आसपास आम नागरिकों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।


शहर काजी ने जारी किया वीडियो संदेश

शहर काजी खलीलुर्रहमान ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि शाही मस्जिद कमेटी स्वयं अपने हाथों से मस्जिद का निर्धारित हिस्सा हटा रही है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फिजूल की बातें फैलाकर माहौल खराब नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उज्जैन अपना शहर है और इसकी हिफाजत की जिम्मेदारी भी सभी की है। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।