छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर शराब दुकान खुली मिलने को लेकर विवाद सामने आया। आदिवासी संगठनों और नेताओं ने इस दिन शराब दुकानें बंद रखने की अपील की थी, लेकिन बस स्टैंड स्थित शराब दुकान खुली दिखाई दी।
दुकान खुली देखकर बड़ी संख्या में आदिवासी युवक मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मिथुन कुमार धुर्वे ने युवाओं को संबोधित किया। भाषण के बाद माहौल गरमा गया और भीड़ ने शराब दुकान का शटर बंद करा दिया।
इस दौरान कुछ युवकों द्वारा दुकान के शटर पर लातें मारने का घटनाक्रम दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले में शराब ठेकेदार द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। पुलिस CCTV फुटेज समेत अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।




