भोपाल। एमपी नगर इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में करंट लगने से मौत हो गई। वे शॉपिंग करने पहुंचे थे और सड़क पार करने की कोशिश में डिवाइडर पर चढ़े थे। सहारे के लिए पोल पकड़ते ही जोरदार झटका लगा और वे मौके पर ही ढेर हो गए। हादसे में एक महिला भी करंट की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शी हेड कॉन्स्टेबल जगदीश दांगी के अनुसार रात करीब नौ बजे की घटना है। दिव्यऋषि सड़क पार करने के लिए डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने एक हाथ से सड़क किनारे लगे पोल को पकड़ लिया और दूसरे हाथ से दीवार का सहारा लेने की कोशिश की। तभी पोल में करंट होने से उन्हें जोरदार झटका लगा। आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत दोनों को संभाला। दिव्यऋषि वहीं गिर गए। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तुरंत सीपीआर शुरू किया और उन्हें एम्स अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिसकर्मियों के मुताबिक यह पोल मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान लगाया गया था। पोल के पास तार खुला होने की बात भी सामने आई है। एमपी नगर पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोल में करंट कैसे पहुंचा, खुले तार की स्थिति क्यों थी और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इन सवालों पर पुलिस जांच कर रही है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस कट पॉइंट पर पिछले तीन-चार दिनों में सात से ज्यादा लोगों को करंट लग चुका था। इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन सुधार कार्य नहीं किया गया। एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। हादसे के बाद पुलिस ने कट पॉइंट पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है।
यह घटना एक बार फिर शहर में अधूरे निर्माण कार्यों और खुले बिजली तारों से पैदा होने वाले खतरे की याद दिलाती है। एक युवा नेता की असमय मौत ने न सिर्फ परिवार को तोड़ दिया है बल्कि प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की लापरवाही पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।











