त्रिनिदाद और टोबैगो, 3 सितंबर । कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2026 के 24वें मैच में एंटिगुआ एंड बारबुडा फॉल्कंस ने त्रिनबागो नाइट राइडर्स को एक रोमांचक मुकाबले में 8 रन से हरा दिया। एंटिगुआ की जीत में हसन नवाज की अर्धशतकीय पारी की अहम भूमिका रही।

त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए एंटिगुआ एंड बारबुडा फॉल्कंस ने हसन नवाज की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 4 विकेट पर 183 रन बनाए थे। नवाज ने 48 गेंदों पर 3 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 76 रन बनाए। कप्तान मोईन अली ने 24 गेंदों पर 1 छक्का और 3 चौकों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए। इविन लुईस ने 24 और रखिम कॉर्नवाल ने 20 रन बनाए।

त्रिनबागो की तरफ से अकील हुसैन, लाहिरू कुमारा, उस्मान तारिक और जस्टिन ग्रीव्स ने 1-1 विकेट लिए।

184 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी त्रिनबागो की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 40 के स्कोर पर अपने 3 और 57 के स्कोर पर शुरुआती 4 विकेट खो दिए। रन रेट बेहतर होने के बावजूद लगातार गिरते विकेटों की वजह से त्रिनबागों पर दबाव बढ़ता गया।

मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने शुरुआती नुकसान से उबारते हुए टीम को जीत दिलाने की भरसक कोशिश की, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। कप्तान निकेलस पूरन (10 गेंदों पर 22 रन), किरोन पोलार्ड (36 गेंदों पर 41 रन) और जोशुआ डी सिल्वा के 31 गेंदों पर 5 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 54 रन की पारी की बदौलत त्रिनबागो 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 तक पहुंच सकी और 8 रन से मैच हार गई।

एंटिगुआ के लिए रखिम कॉर्नवाल ने 3 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट लिए। जोशुआ जेम्स ने 2 और शमार स्प्रिंगर ने 1 विकेट लिए।

इस जीत के साथ एंटिगुआ अंक तालिका में पहले स्थान पर चली गई है। एंटिगुआ के 9 मैचों में 5 जीत के साथ 11 अंक हो गए हैं। त्रिनबागो इस हार के बाद छठे नंबर पर है। त्रिनबागो 8 मैचों में सिर्फ 2 जीत हासिल कर सकी है।