खजुराहो में सीपीआर जागरूकता अभियान, एक दिन में करीब 2000 लोगों को मिला जीवन रक्षक प्रशिक्षण

Advertisement
खजुराहो। पर्यटन नगरी खजुराहो में हृदयाघात जैसी आपात स्थितियों में लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से सीपीआर (CPR) जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान का आयोजन किया गया। यह जनहित अभियान मतंगेश्वर मंदिर के सामने आयोजित हुआ, जिसका नेतृत्व भाजपा खजुराहो मंडल अध्यक्ष गौरव सिंह बघेल के मार्गदर्शन में उनकी टीम ने किया।
अभियान के तहत एक ही दिन में लगभग 2000 लोगों को सीपीआर की तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया। इस कार्यक्रम में गाइड एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन, पुरातत्व विभाग के कर्मचारी, एसआईएस डिपार्टमेंट तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
इसके साथ ही ऑल सेंट्स इंग्लिश स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, खजुराहो शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं विभिन्न जिम सेंटरों में भी सीपीआर प्रशिक्षण शिविर लगाए गए। इनमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सीपीआर देने की सही तकनीक की जानकारी दी और प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल अभ्यास भी करवाया, ताकि आपात स्थिति में वे आत्मविश्वास के साथ सहायता कर सकें।
मीडिया से चर्चा करते हुए गौरव सिंह बघेल ने कहा कि वर्तमान समय में हृदयाघात के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। यदि आम नागरिकों को सीपीआर की जानकारी हो, तो कई कीमती जानें बचाई जा सकती हैं। उनका उद्देश्य है कि खजुराहो का हर नागरिक आपात स्थिति में मदद करने के लिए सक्षम बने। उन्होंने इसे केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण लिया और यह संकल्प लिया कि जरूरत पड़ने पर मानवता की सेवा के लिए सदैव आगे रहेंगे। सही समय पर उठाया गया सही कदम, एक जीवन बचा सकता है।
गौरव सिंह बघेल की पहल पर चलाया गया यह अभियान समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है, जिसकी क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।
