रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक खड़ी कार के भीतर ड्राइवर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर स्थित रेलवे अधिकारी विश्राम गृह के ठीक सामने की है। वाहन मालिक प्रेमसिंह जब सुबह करीब 10:15 बजे अपनी कार के पास पहुंचे, तो उन्होंने गाड़ी की बीच वाली सीट पर ड्राइवर हेमंत (पिता दातार सिंह) को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी को दी गई।


कार में मिले सल्फास के तीन पाउच, सीट पर अंडरवियर में पड़ा था शव

सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार, चौकी प्रभारी रामपाल इवने और फोरेंसिक (एफएसएल) अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब वाहन की गहन तलाशी ली, तो हेमंत का शव कार की बीच की सीट पर केवल अंडरवियर में पड़ा मिला। वाहन के भीतर उसके कपड़े, पानी की एक बोतल और सल्फास पाउडर के तीन पाउच बरामद किए गए। इसके अलावा कार के अंदरूनी हिस्से और दरवाजे के बाहर उल्टी के निशान भी पाए गए हैं। प्रारंभिक वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जता रही है। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद करीब 11:15 बजे शव को ऑटो रिक्शा के जरिए पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।


यह भी पढिए: रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर दौड़े मवेशी; सामने खड़ी थी शताब्दी एक्सप्रेस


पारिवारिक विवाद की बात आई सामने, तीन दिनों से घर नहीं लौटा था युवक

जीआरपी की शुरुआती जांच और परिजनों से पूछताछ में घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। मौके पर पहुंची मृतक की पत्नी ने रोते हुए बताया कि हेमंत पिछले तीन दिनों से घर नहीं आया था। वहीं वाहन मालिक प्रेमसिंह ने बताया कि उनकी गाड़ियां रेलवे विभाग में अटैच हैं और हेमंत पिछले तीन वर्षों से उनके यहां वाहन चालक के रूप में काम कर रहा था। रेलवे ड्यूटी के चलते वह अक्सर काम के सिलसिले में बाहर ही रहता था। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की मां, पत्नी और अन्य परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंच गए थे।


यह भी पढिए: बीजेपी नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित 30 पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा


मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही पुलिस

जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह जहरीला पदार्थ खाकर की गई खुदकुशी का मामला प्रतीत होता है, क्योंकि घटनास्थल से सल्फास के पाउच भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों और मानसिक तनाव के चलते उठाया।