नई दिल्ली। सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के 22वें मैच में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए दमदार जीत दर्ज की। इस टीम ने मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में न्यू दिल्ली टाइगर्स को 9 विकेट से रौंदा।

इस सीजन 7 में से 6 मुकाबले जीतने के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर मजबूती के साथ कायम है। वहीं, 6 में से 5 मैच गंवाने के बाद न्यू दिल्ली टाइगर्स सातवें पायदान पर है।

बारिश के चलते मैच में 2-2 ओवरों की कटौती हुई। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स ने निर्धारित 18 ओवरों में 8 विकेट खोकर 185 रन बनाए। इस टीम ने 12 के स्कोर तक सलामी जोड़ी को गंवा दिया था। इसके बाद केशव दलाल ने वैभव रावल के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदो में 46 रन की साझेदारी करते हुए पारी को संभाला।

वैभव 18 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद केशव दलाल ने कप्तान हिम्मत सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए 29 गेंदों में 57 रन जुटाए। केशव 31 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हिम्मत सिंह ने 21 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 46 रन की पारी खेली। इनके अलावा, मनीष सेहरावत ने 37 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से गवनीश खुराना ने 36 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि मनी ग्रेवाल और आत्रेय त्रिपाठी ने 2-2 विकेट चटकाए।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने सिर्फ 12.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान यश धुल ने सिद्धार्थ जून के साथ पहले विकेट के लिए 8 ओवरों में 126 रन जोड़े। यश 28 गेंदों में 8 छक्कों और 6 चौकों के साथ 76 रन बनाकर आउट हुए।

यहां से सिद्धार्थ ने युगल सैनी के साथ दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 61 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। टाइगर्स की तरफ से एकमात्र सफलता यशजीत (44 रन देकर 1 विकेट)के हाथ लगी।