ग्लासगो। ग्लासगो कॉस्मिक ने मंगलवार को यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) के पहले सीजन के लिए इंग्लैंड के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय को साइन करने की घोषणा की। रॉय को साइन करने से ग्लासगो कॉस्मिक की शीर्ष क्रम बल्लेबाजी मजबूत हुई है।
जेसन रॉय इंग्लैंड के लिए सीमित ओवरों के बेहतरीन बल्लेबाज रहे हैं। 2023 के बाद से इस 36 साल के बल्लेबाज को इंग्लैंड टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है। हालांकि, रॉय दुनियाभर में खेली जाने वाली टी20 लीग में सक्रिय रहे हैं और अपनी टीमों के लिए अहम भूमिका निभाते रहे हैं। उनका आक्रामक स्ट्रोक प्ले उन्हें कॉस्मिक के कैंपेन में एक अहम खिलाड़ी बना सकता है।
जेसन रॉय ने कहा, "जब कप्तान ने मुझे यह पूछने के लिए कॉल किया कि मैं उपलब्ध हूं या नहीं, तो मैं बहुत उत्साहित हो गया, और मैं तैयार था। मैं ग्लासगो कॉस्मिक में शामिल होने और इस रोमांचक सफर का हिस्सा बनने के लिए सच में बहुत उत्साहित हूं।"
टीम के सीईओ राशिद अली खान ने कहा, "जेसन अपनी जेनरेशन के सबसे सक्षम खिलाड़ियों में से एक हैं। वह क्रिकेट के सबसे बड़े स्टेज पर खुद को साबित कर चुके हैं। इंग्लैंड और वैश्विक क्रिकेट में उनका अनुभव हमारी स्क्वॉड में असाधारण क्षमता, और अनुभव लाता है। उनका हमारे साथ जुड़ना हमारे लक्ष्य का मजबूत वक्तव्य है।"
ग्लासगो कॉस्मिक की को-ओनर, तनशा बत्रा, ने कहा, "जेसन बहुत ज्यादा अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले, मैच जिताने की क्षमता वाले और विस्फोटक ऊर्जा लाते हैं। यह एक टी20 टीम को परिभाषित कर सकती है। हम उन्हें कॉस्मिक टीम में देखने के लिए उत्साहित हैं।"
रॉय के शामिल होने के साथ, ग्लासगो कॉस्मिक ईटीपीएल के बहुप्रतीक्षित डेब्यू सीजन के लिए एक मजबूत टीम बनाना जारी रखे हुए है।
जेसन रॉय के टी20 करियर पर गौर करें तो अंतरराष्ट्रीय और लीग मैचों को मिलाकर कुल 438 मैच खेले हैं। इसमें 7 शतक और 73 अर्धशतकों की मदद से रॉय ने 11,253 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 145 रन है।
ईटीपीएल के पहले संस्करण में आयरलैंड, नॉर्दर्न आयरलैंड, नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड की छह फ्रेंचाइजी होंगी और यह 26 अगस्त से 20 सितंबर के बीच खेला जाएगा।




