जबलपुर, अनुराग शुक्ला। शहर के शक्ति भवन स्थित तरंग ऑडिटोरियम में शनिवार शाम आयोजित बहुचर्चित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘हमारे राम’ के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिससे कुछ ही देर में पूरे ऑडिटोरियम की बिजली व्यवस्था ठप हो गई और सभागार अंधेरे में डूब गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ चल रहा था और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे। इसी दौरान ग्रीन रूम के पास से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग बढ़ने लगी और धुआं सभागार में फैल गया। अचानक हुई इस घटना से दर्शकों और कलाकारों में दहशत फैल गई तथा लोग सुरक्षित बाहर निकलने लगे।
बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण ऑडिटोरियम में अंधेरा छा गया। ऐसे में मोबाइल फोन की टॉर्च की मदद से वरिष्ठ अभिनेता आशुतोष राणा सहित अन्य कलाकारों और दर्शकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आयोजन समिति और कर्मचारियों ने स्थिति को संभालते हुए लोगों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका और कुछ समय बाद उस पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद ऑडिटोरियम की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आग लगने के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

