सिपाही से लेकर थानेदारों के शीघ्र होंगे प्रमोशन

Advertisement
भोपाल। प्रदेश में लंबे समय से प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे पुलिस विभाग के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें आने वाले समय में जल्दी ही प्रमोशन मिलने की उम्मीद लग रही है। इसकी खास वजह यह है कि पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा इस दिशा में काम तेज कर दिया गया है और कर्मचारियों का रिकॉर्ड खंगालने के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा दो समितियों का गठन किया गया है, जो रिकॉर्ड खंगालने के बाद पुलिस विभाग की प्रशासन शाखा को सूची उपलब्ध कराएंगी। इसके बाद प्रमोशन लिस्ट जारी की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय भोपाल से जुड़े सूत्रों के अनुसार सिपाही से लेकर दरोगा (उपनिरीक्षक) तक को प्रमोशन िदए जाने के लिए रणनीति तैयार कर ली गई है, इसके लिए दो समितियों का नए सिरे से गठन भी कर लिया गया है। एक समिति की जिम्मेदारी एडीजी के.पी. वेंकटेश्वर और दूसरी समिति की जिम्मेदारी एडीजी जयदीप प्रसाद को सौंपी गई है। यह दोनों समितियां दरोगा से इंस्पेक्टर और सहायक उपनिरीक्षक से दरोगा तक की प्रमोशन के लिए काम करेगी। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय की प्रशासन शाखा ने उपनिरीक्षक से निरीक्षक और सूबेदार से रक्षित निरीक्षक की पदोन्नति पात्रता सूची तैयार करने का काम भी अधिकारियों को सौंप दिया है। इसके लिए पदोन्नति समिति में के.पी. वेंकटेश्वर राव की अध्यक्षता में डीआईजी संतोष सिंह गौर, ओ.पी. त्रिपाठी और एआईजी अमित सक्सेना के रूप में शामिल किया गया है। यह समिति उपनिरीक्षक और सूबेदारों का रिकॉर्ड छांटेगी और इसके बाद पात्रता सूची तैयार करेगी। इस तरह सहायक उपनिरीक्षक से उपनिरीक्षक के लिए जयदीप प्रसाद की अध्यक्षता में आईजी एन. चैत्रा, डीआईजी साकेत प्रसाद पाण्डेय और एआईजी बीना सिंह को सदस्य के रूप में शामिल गया है। उक्त दोनों समितियों की देख-रेख में सभी का रिकॉर्ड देखा जाएगा और पदोन्नति के लिए जो पात्रता सूची तैयार की जाएगी उसीके आधार पर प्रमोशन दिए जाएंगे। वहीं सहायक उपनिरीक्षकों को प्रमोशन मिलने के बाद जो पद खाली होंगे उन पर प्रधान आरक्षकों को पदोन्नत किया जाएगा और प्रधान आरक्षकों को सहायक उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नत होने के बाद जो पद खाली होंगे उन पर सिपाहियों को पदोन्नत कर प्रधान आरक्षक बनाने की प्रक्रिया शुरु होगी। पुलिस मुख्यालय द्वारा की जा रही तैयारियों को देखकर अब पुलिस विभाग में प्रमोशन की उम्मीद जागने लगी है और उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में पुलिस विभाग के कर्मचारी शीघ्र पदोन्नति से लाभान्वित होंगे।
