पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर नगर परिषद गुनौर द्वारा बस स्टैंड परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बस स्टैंड परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। इसके साथ ही नगरवासियों और गुनौर आने वाले यात्रियों के लिए बनाए गए आकर्षक सेल्फी पॉइंट का भी उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद गुनौर की अध्यक्ष अर्चना मलखान सिंह ने की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के साथ नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

गांधी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया नमन

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। गांधी जी के विचारों को केवल याद करने के बजाय उन्हें दैनिक जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

सफाई कर्मचारियों का किया सम्मान

गांधी जयंती के अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों का सम्मान भी किया गया। अतिथियों ने सफाई कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

महात्मा गांधी स्वयं स्वच्छता को विशेष महत्व देते थे। ऐसे में उनकी जयंती पर सफाई कर्मचारियों का सम्मान कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। इस दौरान नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने और नगर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

सेल्फी पॉइंट बना आकर्षण का केंद्र

नगर के मुख्य मार्ग स्थित बस स्टैंड परिसर में बनाए गए सेल्फी पॉइंट का भी उद्घाटन किया गया। नगर परिषद की इस पहल से गुनौर के सार्वजनिक स्थल को नया आकर्षण मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों के साथ गुनौर आने वाले यात्रियों के लिए भी यह सेल्फी पॉइंट आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने नगर परिषद की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित होने से नई पीढ़ी को उनके जीवन और विचारों से परिचित होने का अवसर मिलता है। वहीं, सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण शहर की पहचान को भी बेहतर बनाने में सहायक होता है।

स्वच्छ और सुंदर गुनौर बनाने का लिया संकल्प

गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास, स्वच्छता और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा गुनौर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जगदीश पटेल जिला मंत्री, गुनौर मंडल अध्यक्ष प्रीति पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मलखान सिंह, पार्षद रज्जू लोधी, धर्मेंद्र तिवारी, बृजेश तिवारी, पहलाद गौतम, राम नारायण दहिया, बृजेंद्र मिश्रा सहित पार्षदगण, नगर परिषद कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।