भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भोपाल में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


इसके साथ ही नेताओं ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस नेताओं ने दोनों महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को देश के लिए प्रेरणादायी बताया।


इस अवसर पर जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के मार्ग तथा लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के मंत्र को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार देश को सदैव दिशा देते रहेंगे।


कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस परिवार के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने राष्ट्र निर्माण में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।