बैतूल, सुरेन्द्र बावने। अल्पवृष्टि से खरीफ फसलों को हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर कांग्रेस ने बैतूल से किसान न्याय आंदोलन की शुरुआत की। आंदोलन में सैकड़ों किसान ट्रैक्टर लेकर सड़क पर उतरे और फसलों का तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई। किसानों ने बताया कि बारिश की कमी से धान, मक्का, सोयाबीन और सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है। इसके अलावा जंगली सूअरों और फसलों में बीमारियों के कारण भी नुकसान बढ़ा है।


आंदोलन के दौरान किसानों की समस्याएं सुनने के लिए कांग्रेस ने बड़ा मंच बनाया, जहां पार्टी नेता मंच के नीचे बैठकर किसानों से संवाद करते नजर आए। रैली के दौरान किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले को क्रेन पर लटकाया और पुतला दहन का प्रयास किया। पुतला दहन रोकने के लिए मौके पर तैनात फायर ब्रिगेड ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।


किसानों ने कहा कि फसल खराब होने के बाद आर्थिक संकट की स्थिति बन रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सर्वे पूरा कर नुकसान के अनुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। प्रशासन की ओर से किसानों को सर्वे कार्य जारी होने और जल्द राहत दिलाने का भरोसा दिया गया है।