छतरपुर, शिवम सोनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के टोरिया मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय एक व्यक्ति की जिला अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। अस्पताल के वार्ड में शव मिलने के बाद परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए सीधे तौर पर मारपीट और हत्या की गंभीर आशंका जताई है। परिजनों के आक्रोश और हंगामे को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
जालौन में करता था मजदूरी, रिश्तेदारी में आया था छतरपुर
मृतक की शिनाख्त पटोले वाल्मीकि (45 वर्ष), पिता सुखवासी वाल्मीकि, निवासी टोरिया मोहल्ला के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पटोले मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उमरी क्षेत्र में रहकर मजदूरी का काम करता था। कुछ दिन पहले ही वह छतरपुर में अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था।
यह भी पढि़ए: कोर्ट में गवाही से ठीक पहले हुआ रिटायर्ड IAS का मर्डर:1 करोड़ के पुराने धोखाधड़ी केस से जुड़े तार, फरार केयरटेकर पर हत्या-लूट की FIR
देर रात आया फोन- 'तुम्हारे भाई की मौत हो गई, अस्पताल आ जाओ'
परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे लालाराम नामक व्यक्ति ने मृतक के भाई प्रदीप वाल्मीकि को मोबाइल पर कॉल किया। उसने बिना कोई स्पष्ट वजह बताए केवल यह कहा कि पटोले की मौत हो चुकी है और वे तुरंत जिला अस्पताल पहुंच जाएं। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जब पटोले का शव देखा तो उनके होश उड़ गए। परिजनों का आरोप है कि लालाराम, रवि वाल्मीकि और चंदा वाल्मीकि सहित अन्य लोगों ने पटोले के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसके चलते उसकी जान चली गई। इसके बाद मामले को दबाने के लिए उसे अस्पताल लाकर लावारिस हाल में छोड़ दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और आरोपों को जांच में शामिल कर लिया गया है। जिन लोगों पर परिजनों ने मारपीट और हत्या की आशंका जताई है, उनसे भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और डॉक्टरों की राय के आधार पर यदि चोटों या हत्या की पुष्टि होती है, तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












