Tuesday, February 3, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
देशनई दिल्लीपरीक्षा पे चर्चा के खास एपिसोड के लिए हो जाएं तैयार, पीएम मोदी भारत के यंग ब्राइट माइंड्स से करेंगे सीधा संवाद

परीक्षा पे चर्चा के खास एपिसोड के लिए हो जाएं तैयार, पीएम मोदी भारत के यंग ब्राइट माइंड्स से करेंगे सीधा संवाद

Post Media
News Logo
Peptech Time
3 फ़रवरी 2026, 09:57 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सभी नागरिकों को आमंत्रित किया कि वे 6 फरवरी को विशेष 'परीक्षा पे चर्चा' एपिसोड देखें। इस प्रोग्राम में वे छात्रों के साथ सीधे संवाद करते हैं और उनकी ऊर्जा और उत्साह का अनुभव साझा करते हैं।


जैसे-जैसे परीक्षा का मौसम नजदीक आ रहा है, प्रधानमंत्री ने फिर से देश के युवाओं के साथ संवाद किया। इस साल की चर्चा देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी और दिल्ली के 7, लोक कल्याण मार्ग में आयोजित हुई।


प्रधानमंत्री ने इस अनुभव को बेहद ताजगी भरा और प्रेरक बताया। उन्होंने छात्रों के उत्साह और खुलेपन की सराहना की और परीक्षा के दौरान तनाव-मुक्त रहने की अहमियत पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने छात्रों को चुनौतियों का सामना कैसे करें, संतुलन कैसे बनाए रखें और आत्मविश्वास कैसे बढ़ाएं, इस बारे में सरल और प्रैक्टिकल टिप्स दिए।


पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जैसे-जैसे एग्जाम पास आ रहे हैं, 'परीक्षा पे चर्चा' भी वापस आ गया है। इस बार, चर्चा देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी और दिल्ली में 7 एलकेएम में एग्जाम वॉरियर्स के साथ हुई। हमेशा की तरह, अपने युवा दोस्तों के साथ बातचीत करना और स्ट्रेस-फ्री एग्जाम और कई दूसरी चीजों पर बात करना बहुत अच्छा लगा। 6 फरवरी को पीपीसी एपिसोड जरूर देखें।"


इसके साथ ही एक वीडियो भी पोस्ट किया गया है, जिसमें पीएम मोदी बच्चों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं और उनके कंफ्यूजन को दूर कर परीक्षा का स्ट्रेस कम कर रहे हैं। एक छात्र ने अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा, "हमने ऐसा अपने सपने में भी नहीं सोचा था कि पीएम मोदी खुद हमसे मिलेंगे।" वहीं, पीएम मोदी ने सभी बच्चों से पूछा कि उन्होंने कुछ खाया या नहीं, जिसका जवाब सभी ने हां में दिया।


इस दौरान कुछ छात्रों ने पीएम से सवाल पूछे, "रोजाना कौन सी एक छोटी सी हैबिट अपनानी चाहिए, जिससे हम अपने सपने के नजदीक पहुंचते जाएं? हमें मोटिवेशन की जरूरत है या अनुशासन की? आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए आप हमें क्या सलाह देना चाहेंगे? आपने अपने तनाव को कैसे हैंडल किया?"


पीएम ने बच्चों से कहा, "परीक्षा के लिए सबसे अच्छी चीज होती है, लिखने की आदत डालना। आप मान के चलिए, आपने जो पढ़ा है, वो कहीं ना कहीं तो स्टोरेज है। आप अपने पैटर्न पर पूरा भरोसा करो। हर एक को हर चीज नहीं आती है, लेकिन हर एक को कुछ न कुछ तो आता ही है।"


एक छात्र ने अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा, "हमने पीएम मोदी का वेलकम किया और फिर उनके साथ बातचीत की तो पता ही नहीं चला कि टाइम कहां चला गया।" एक छात्र ने कहा कि पीएम बहुत अटेंटिव थे।


इन दौरान एक छात्र ने पीएम को चाय पत्ती दी, तो पीएम ने हंसते हुए कहा कि अब तो मुझे चाय बनानी होगी। पीएम ने एक बच्चे की पेंटिंग की भी तारीफ की।


वहीं, एक छात्रा ने पीएम के लिए "सारी दुनिया तेरे पीछे, मुश्किलों से लड़ता चल, बढ़ता चल, तू बढ़ता चल…" गाना भी गाया।


गौरतलब है कि इस बार 'परीक्षा पे चर्चा' का एक नया रूप होगा। कुछ नई जगहें और एक नया सफर, बच्चों तक पहुंचने का, उनकी कहानियों से जुड़ने का। हर बार की तरह यंग ब्राइट माइंड्स ऑफ इंडिया से ढेरों सवाल होंगे, जिनके सारे जवाब मिलेंगे। 'परीक्षा पे चर्चा' में बच्चे सिर्फ जवाब नहीं, भविष्य का भरोसा साथ ले जाते हैं।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)