छतरपुर। विजयादशमी के पावन अवसर पर महाराजा छत्रसाल स्मृति शोध संस्थान, छतरपुर द्वारा पारंपरिक और गरिमामय शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। संस्थान के सम्माननीय सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय लिया गया कि 20 अक्टूबर यानि की आज सुबह 11:30 बजे शौर्य पीठ, मऊ सहानियां में भव्य शस्त्र पूजन संपन्न होगा। बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक और व्यवस्थित रूप देने के लिए दायित्वों का निर्धारण करते हुए वरिष्ठ सदस्यों को संयोजक और सह-संयोजक की कमान सौंपी गई।


आयोजन को सुचारु, अनुशासित और भव्य रूप देने के लिए संस्थान के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से जिम्मेदारियां तय कीं। इसके तहत श्री जयदेव सिंह बुंदेला को कार्यक्रम का मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया। वहीं, व्यवस्थाओं में समन्वय और सहयोग के लिए श्री द्रगेंद्र देव सिंह एवं श्री महेश तिवारी मातोल को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की बात कही।बैठक में विस्तृत चर्चा के उपरांत तय हुआ कि बुंदेलखंड के गौरव और अदम्य साहस के प्रतीक बुंदेल केसरी महाराजा छत्रसाल की ऐतिहासिक भूमि शौर्य पीठ पर पारंपरिक शस्त्र पूजन का मुख्य अनुष्ठान होगा। आज सुबह 11:30 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में वैदिक विधि-विधान और पारंपरिक मर्यादाओं के अनुरूप अस्त्र-शस्त्रों की पूजा-अर्चना की जाएगी। संस्थान के सचिव के अनुसार, इस ऐतिहासिक आयोजन में जिले भर की विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक समितियों के प्रतिनिधियों, प्रतिष्ठित समाजसेवियों, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों तथा प्रबुद्ध नागरिकों को विशेष रूप से सादर आमंत्रित किया जा रहा है। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकजुट होकर कार्यक्रम को भव्य, गरिमामय और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा व सहयोग का संकल्प लिया।