मिर्जापुर। मिर्जापुर में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। हादसा मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ब्रेक फेल होने के कारण बेकाबू हो गया। ट्रक ने पहले एक बोलेरो और स्विफ्ट कार को टक्कर मारी, जिसके बाद दोनों वाहन आगे चल रहे ट्रॉले से जा भिड़े। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो उछलकर अलग जा गिरी और उसमें जोरदार धमाके के साथ आग लग गई।


बोलेरो में सवार 9 लोग, जिनमें एक ही परिवार के 8 सदस्य और एक ड्राइवर शामिल थे, जिंदा जल गए। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। बताया जा रहा है कि परिवार मैहर से अपने 8 साल के बेटे का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहा था। करीब ढाई घंटे तक वाहन धू-धू कर जलता रहा, जबकि मौके पर मौजूद लोग चाहकर भी आग की भयावहता के कारण मदद नहीं कर सके।


इस हादसे में स्विफ्ट कार के ड्राइवर और ट्रॉले के क्लीनर की भी मौत हो गई। घटना ड्रमडगंज थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शव इतने बुरी तरह जल चुके थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि सभी मृतक जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के निवासी थे और मामले की जांच जारी है।