बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। थाना क्षेत्र के बस्ती स्थित नरिया मोहल्ला में जमीनी विवाद को लेकर कोटवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल कोटवार मूरत अठया को उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ लाया गया।
घायल मूरत अठया ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसे शासन द्वारा कोटवारी के लिए भूमि आवंटित की गई है, जिस पर दूसरे पक्ष के लोग कब्जा करना चाहते हैं। उसका कहना है कि बीती रात जब वह घर जा रहा था, तभी अजय द्वारा गाली-गलौज की जा रही थी। विरोध करने पर राजेश अठया ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घायल ने अन्य लोगों पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष के लोग भी बटियागढ़ थाने पहुंचे और उन्होंने भी एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों ने थाने में पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




