सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक तेंदुआ भाजपा नेता के घर में घुस गया। घटना भुईमाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम केशलार की है। शनिवार तड़के हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार के लोग अपनी जान बचाकर घर से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। जानकारी के अनुसार, तेंदुआ भाजपा युवा नेता सुरेंद्र बैश के घर में घुस गया और घर के अंदर ही उत्पात मचाने लगा। इस दौरान 62 वर्षीय चैनपति बैश पर उसने हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने किसी तरह खुद को बचाते हुए घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुईमाड़ पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुशमी रेफर किया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ करीब 6 घंटे तक घर के अंदर ही मौजूद रहा, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बना रहा। सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंची, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द सुरक्षित पकड़ने और प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों के बढ़ते मूवमेंट और मानव बस्तियों में उनकी एंट्री को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



