झांसी। झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान (21) की मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार सुबह उस समय हुआ जब अबान अपने दोस्तों के साथ क्रेटा कार में सवार होकर झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मुलाकात करने जा रहा था। कार में कुल पांच लोग सवार थे।

अचानक हाईवे पर मवेशी आ जाने के कारण उसे बचाने के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घायलों को निकाला बाहर

दुर्घटना के तुरंत बाद कार में सवार पांचों लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मशक्कत के बाद गाड़ी का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने अबान और गाड़ी चला रहे उसके दोस्त सोनू को मृत घोषित कर दिया। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। हादसे में घायल तीन अन्य लोगों की पहचान उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम के रूप में हुई है, जिनका इलाज जारी है।


प्रयागराज से झांसी जा रहा था अबान

पुलिस के अनुसार अबान गुरुवार सुबह अपने दोस्तों के साथ प्रयागराज से झांसी के लिए निकला था। यात्रा के दौरान अबान आगे की सीट पर बैठा हुआ था जबकि उसका दोस्त सोनू ड्राइविंग सीट पर था। सुबह करीब साढ़े 10 बजे पूंछ थाना क्षेत्र के पास यह हादसा घटित हुआ।


अतीक परिवार से जुड़ा घटनाक्रम

उल्लेखनीय है कि माफिया अतीक अहमद के पांच बेटे थे, जिनमें अबान सबसे छोटा था। इससे पहले उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक का एक अन्य बेटा असद झांसी में ही पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था।

परिवार के अन्य सदस्यों में सबसे बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में निरुद्ध है, जबकि उससे छोटा बेटा अली झांसी जेल में बंद है। अतीक का चौथा बेटा अहजम है। 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या कर दी गई थी। वहीं अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन अभी भी फरार चल रही है, जिस पर प्रशासन की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।