मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के कर्मचारियों को नए आवासों की चाबी सौपेंगे। मुंबई में बीएमसी कर्मचारियों को आश्रय योजना कक्ष, चरण-2 के तहत आवास वितरित किए गए हैं।
मुंबई के कोलाबा स्थित राजवाडकर स्ट्रीट, पंचशील नगर में यह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक राहुल नार्वेकर, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मुंबई की महापौर रितु राजेश तावड़े की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में उपमहापौर संजय घाड़ी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इसके अलावा विधायक अमित साटम, सांसद अरविंद सावंत, विधायक सुनील शिंदे और विधायक राजहंस सिंह सहित मुंबई महानगरपालिका के विभिन्न दलों के गुटनेता, समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और नगरसेवक भी समारोह में शामिल होंगे।
इस अवसर पर बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे और अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पश्चिम उपनगर) डॉ. विपिन शर्मा सहित महानगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कुल 140 फ्लैट की चाबियां कर्मचारियों को सौंपेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह आवास कुल 4,166.90 वर्ग मीटर के भूखंड क्षेत्रफल में बने हुए हैं। इन आवासों में हर इमारत में ग्राउंड फ्लोर के अलावा 3 और मंजिलें हैं। पहले का फ्लैट का कुल क्षेत्रफल 150 वर्ग फुट था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 300 वर्ग फुट किया गया है। इसके अलावा, हर फ्लैट में अलग शौचालय और बाथरूम बने हुए हैं।













