मंदसौर,ललित शंकर धाकड़ । किसानों की समस्याओं को लेकर मंदसौर में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कृषि उपज मंडी परिसर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में हो रही देरी को लेकर सरकार को घेरा। उनका आरोप है कि सरकार ने किसानों से समय पर खरीदी का वादा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। फसल बीमा, खाद-बीज की उपलब्धता और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसानों को उनकी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान कांग्रेस विधायक विपिन जैन ने कहा कि प्रदेश का किसान आज आर्थिक संकट से जूझ रहा है। सरकार की नीतियों के कारण किसानों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
वहीं जिला कांग्रेस प्रभारी मनोज राजानी ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों के मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि समर्थन मूल्य पर तुरंत गेहूं खरीदी शुरू की जाए और किसानों को राहत दी जाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए और किसानों के हक में आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।












