छतरपुर, रोहित पाठक। सिद्ध पीठ बागेश्वर धाम न केवल सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र है, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। धाम में निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल अब आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम बन गया है।
अस्पताल का निर्माण करीब 300 फीट लंबाई और 150 फीट चौड़ाई वाले कैंपस में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस काम में आसपास के गांवों के सैकड़ों श्रमिक जुटे हुए हैं। स्थानीय स्तर पर ही काम मिलने से ग्रामीणों को रोजगार के लिए दूसरे शहरों या राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़ रहा है। बागेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में 250 से अधिक ग्रामीण परिवारों की आय का जरिया अब उनके अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो गया है।
बागेश्वर महाराज श्री ने हाल ही में निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों से भी बातचीत की और स्थानीय लोगों को मिल रहे रोजगार की जानकारी ली।
महाराज श्री ने कहा कि स्थानीय लोगों को उनके क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिलने से वे आर्थिक रूप से सशक्त और संपन्न हो रहे हैं। रोजगार के लिए बाहर जाने की मजबूरी कम होने से ग्रामीण अपने परिवार के साथ रहकर ही आजीविका चला पा रहे हैं।
कैंसर अस्पताल के निर्माण से जहां क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ रही है, वहीं निर्माण कार्य में स्थानीय लोगों की भागीदारी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल रही है। बागेश्वर धाम में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों ने आसपास के ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं।












