भोपाल। भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित 'बुंदेली समागम' के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक अलग ही सहज और मजाकिया अंदाज देखने को मिला। कार्यक्रम में जब छतरपुर की मशहूर बुंदेली कंटेंट क्रिएटर 'बिन्नू रानी' ने लाड़ली बहनों की बेटियों को लेकर सवाल पूछा, तो मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा, "तुमको मालूम नहीं, लाड़ली बहना ही बहुत महंगी पड़ गई। मुझे क्या पता था मुख्यमंत्री बनते ही इतनी भारी मार पड़ती है।"
हालांकि, इसके तुरंत बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की बहनों के लिए सरकार के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है और योजना का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी समेत बड़ी संख्या में बुंदेलखंडी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने भाग लिया।
"थोड़ी और बड़ी हो जाओ, फिर तुमको भी दे देंगे" — बिन्नू रानी के सवाल पर सीएम का जवाब
बुंदेली संवाद के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बिन्नू रानी ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उन्होंने अपनी जिज्जियों (बहनों) के लिए तो बहुत कुछ किया है, लेकिन जिज्जियों की बिन्नुओं (बेटियों) के लिए सरकार क्या करने जा रही है? सीएम डॉ. मोहन यादव ने मुस्कुराते हुए कहा कि यह बड़ी अंदर की बात है। शुरुआत में जब 1,000 रुपये से योजना चालू हुई थी, तब काफी कठिनाइयां थीं, लेकिन बहनों के चेहरे पर खुशी के लिए सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि अब योजना की राशि बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रति माह कर दी गई है। बिन्नू रानी की ओर देखते हुए सीएम ने कहा, "अभी लाड़ली बहना लायक तुम छोटी हो, थोड़ी और बड़ी हो जाओ, फिर तुमको भी दे देंगे।"
केन-बेतवा लिंक परियोजना से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर: पलायन रोकने पर जोर
समागम के दौरान एक अन्य युवा ने जब मुख्यमंत्री से सवाल किया कि यदि बुंदेलखंड के युवाओं की कोई एक समस्या 24 घंटे के भीतर हल करनी हो, तो वे क्या करेंगे? सीएम ने सहजता से जवाब दिया कि बुंदेलखंड की समस्याओं को 24 घंटे में तो भगवान भी हल नहीं कर सकते, लेकिन बुंदेलखंड के लोगों में अपनी क्षमता, योग्यता और बुद्धिमत्ता से हर चुनौती से निपटने का सामर्थ्य है। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड से होने वाले पलायन को रोकने के लिए सरकार सिंचाई का रकबा बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसके लिए 'केन-बेतवा लिंक परियोजना' जैसी ऐतिहासिक योजना शुरू की गई है। पानी आने से कृषि, उद्योग और रोजगार के हर क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा।
'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना': सफर और वर्तमान स्थिति
कार्यक्रम के दौरान लाड़ली बहना योजना के अब तक के सफर और आर्थिक प्रभाव को भी रेखांकित किया गया:
शुरुआत (मार्च 2023): 28 जनवरी 2023 को तत्कालीन शिवराज सरकार ने योजना की घोषणा की थी, जिसका औपचारिक शुभारंभ 5 मार्च 2023 को हुआ। पहली किस्त जून 2023 में जारी की गई थी, जिसमें 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं में से 1.18 करोड़ महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह के हिसाब से कुल 1,143.15 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए थे।
सितंबर 2026 की स्थिति (40वीं किस्त): योजना के तहत मासिक सहायता राशि बढ़ाकर 1,500 रुपये की जा चुकी है। सितंबर 2026 में जारी की गई 40वीं किस्त के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 महिलाओं के खातों में सीधे 1,835.09 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है।











